
खेती में मेहनत कर पेट पालने वाले किसान देश में हो रहे जल संकट के खिलाफ हुंकार भरेगें। जल संकट के चलते पैदा हो रही स्थिति पर काबू पाने का बीड़ा किसानों ने उठाने का निर्णय लिया है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले प्रदेश के किसान प्रदेशभर में जलांदोलन के रूप में एक अभियान चलाएंगे। 19 जून को सोनीपत के जाखोली गांव में पंचायत कर आंदोलन पर मोहर लगाई जायेगी। पंचायत में शामिल होने के लिए प्रदेश में करीब 6700 पंचायतों को आंमत्रित किया जायेगा।

पशुओं को पाइप की बजाय बाल्टी से नहलाने की शुरूआत
किसान संघ के महामंत्री वीरेंद्र चोटीवाला ने बताया कि जल की बर्बादी को रोकना सबसे पहला उद्देश्य होगा। इसके लिए कई बिन्दुओं पर काम होगा। हर गांव में सप्ताह में एक दिन सबमर्शिबल बंद रखने से लेकर पशुओं को पाइप की बजाय बाल्टी से नहलाने की परम्परा को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा आर.ओ. से निकलने वाले खराब पानी से पौधों की सिंचाई या अन्य कार्यों के लिए करके उपयोग में लाया जाएगा। करीब 20 बिन्दू ऐसे हैं जिन्हें लागू करके जल बचाया जा सकेगा। फिलहाल जल पंचायत की तैयारी की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर की पंचायतों के सुझाव भी लागू महत्वपूर्ण होंगे।
आंदोलन के पहले चरण में टीमों का गठनकर गांव-गांव का दौरा करके हर घर में पहुंचकर जल का महत्व बताया जाएगा। अभियान को मजबूत बनाने के लिए किसान संघ सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की मदद भी लेगा। अभियान में प्रदेश के प्रगतिशील किसान भी भाग लेंगे। जिन्होंने खेती के आधुनिक रूप को अपनाकर खेती करने का तरीका बदल दिया है। ऐसे ही एक किसान ने बताया, "गांवों में पानी के कनैक्शन लेकर उन्हें खुला छोड़ दिया जाता है। कई जगह तो पूरा दिन पानी व्यर्थ बहता रहता है। किसान संघ के प्रतिनिधि बैगों में टूंटियां साथ रखेंगे और जहां पर पाइप खुला मिलेगा उस पर टूंटी लगा दी जाएगी। यह अभियान जल पंचायत के बाद चलाया जाएगा।
एक दिन में लगाए जाएंगे 1 करोड़ पौधे
किसान नेता ने बताया कि किसानों ने 7 सितम्बर को प्रदेशभर में एक करोड़ पौधे लगाए जाने का निर्णय लिया है। 7 सितम्बर को किसान संघ हलधर बलराम के जन्मदिवस के रूप में मनाता है। इसी दिन पौधरोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। पौधे सरकारी या गैर सरकारी नर्सरियों के अलावा किसान अपनी नर्सरियों में भी पैदा करेंगे। यूं तो अभियान पूरे देश में चलेगा लेकिन केवल हरियाणा में एक करोड़े पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।